पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल होने के बाद पार्टी में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। निशांत कुमार धीरे-धीरे सक्रिय राजनीति में अपनी पहचान बना रहे हैं और लगातार विभिन्न इलाकों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

प्रदेश कार्यालय में बैठक

बुधवार को निशांत कुमार अचानक जदयू के प्रदेश कार्यालय पहुंचे और संगठनात्मक गतिविधियों में जुट गए। उन्होंने सारण प्रमंडल के अध्यक्षों और विभिन्न जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने युवाओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया और पार्टी को और मजबूत बनाने की दिशा में रणनीति पर चर्चा की।

पिता नीतीश कुमार को दी बधाई

बैठक के बाद निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेंगे और पार्टी की मजबूती के लिए लगातार काम करेंगे। निशांत कुमार ने यह भी कहा कि वे वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलेंगे और अपने पिता का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।