फाल्गुन का महीना आज से शुरू हो गया है। इसका असर भी प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है। राज्य के कई शहरों में दिन अब गर्म होने लगे है। कल 8 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। इस कारण यहां लोग अब दिन में गर्म कपड़े पहनने छोड़ रहे है। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी बढ़ने के पीछे कारण पश्चिमी हवाओं का असर माना जा रहा है।

पाकिस्तानी क्षेत्र से अब गर्म हवाएं पश्चिमी राजस्थान में आनी शुरू हो गई। इससे बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, सिरोही, बीकानेर में दिन में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इन शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। बुधवार को बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 33, जबकि जालोर में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सबसे कम तापमान करौली में 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चित्तौड़गढ़ में 7.2, बारां में 7.8, भीलवाड़ा में 8, पिलानी में 9.5, सवाई माधोपुर में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ।

अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र के मुताबिक अगले 20 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप निकलेगी। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। वहीं पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ने से बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।