उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार कर लोगों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सुहौली गांव में की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शशि प्रकाश राय उर्फ राजन शर्मा उर्फ शनि और मनीष कुमार राय के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से नकली मार्कशीट और प्रमाणपत्र तैयार करने के अवैध कारोबार में शामिल थे।

सोशल मीडिया और नकली वेबसाइट से चल रहा था धंधा

एसटीएफ की पूछताछ में मुख्य आरोपी शशि प्रकाश राय ने बताया कि उसने दिल्ली से बीएससी की पढ़ाई की है और कई वर्षों से इस फर्जीवाड़े में सक्रिय था। उसने अपने ममेरे भाई मनीष के साथ मिलकर एक संगठित नेटवर्क तैयार किया था। गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फर्जी वेबसाइट्स के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था।

आरोपियों ने असली शैक्षिक बोर्ड की वेबसाइट की तरह दिखने वाली नकली वेबसाइट भी बना रखी थी, जिस पर फर्जी मार्कशीट का ऑनलाइन रिजल्ट अपलोड किया जाता था। इससे दस्तावेज पूरी तरह असली प्रतीत होते थे और लोगों को आसानी से भरोसा हो जाता था।

हजारों फर्जी दस्तावेज बनाने की कबूली बात

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अब तक 6 से 7 हजार से अधिक फर्जी मार्कशीट, सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज तैयार किए हैं। इसके लिए वे प्रति दस्तावेज 15 से 20 हजार रुपये तक वसूलते थे और तैयार दस्तावेज ग्राहकों को कूरियर के जरिए भेज देते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि कई लोगों ने इन फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरियां तक हासिल कर लीं।

एसटीएफ को बरामद हुए ये सामान

कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • 217 फर्जी मार्कशीट, सर्टिफिकेट और अन्य शैक्षिक दस्तावेज
  • 42 नकली मोहर
  • 5 सीपीयू और 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
  • 10 अन्य मोबाइल फोन
  • 2 पेन ड्राइव और 10 रजिस्टर
  • 1 यूपीआई क्यूआर स्कैनर

पहले से दर्ज था मामला

इस पूरे मामले की जांच तब शुरू हुई जब माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से मिलती-जुलती कई फर्जी वेबसाइट्स सामने आईं। इस संबंध में प्रयागराज के साइबर थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच बाद में एसटीएफ को सौंपी गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना प्रयागराज में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी ने जानकारी से किया इंकार

बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई के संबंध में उन्हें अभी तक एसटीएफ की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जाएगी।