राजस्थान में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) और राज्य प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के एक-एक अफसर को रिश्वत लेने के मामले गिरफ्तार किया गया है। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को अलवर के पूर्व जिला कलक्टर नन्नूमल पहाड़िया को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। पहाड़िया के साथ ही आरएएस अधिकारी अशोक सांखला और दलाल नितिन शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है।

पहाड़िया का तीन दिन पहले ही कलक्टर पद से जयपुर में विभागीय जांच आयुक्त पद पर तबादला हुआ था। लेकिन उन्होंने वहां पदभार ग्रहण नहीं किया था। तबादला होने के बावजूद वह अलवर में कलक्टर के सरकारी आवास में रह रहे थे, जबकि नए कलक्टर नकाते शिव प्रसाद ने पदभार ग्रहण कर लिया था। एसीबी की जांच में सामने आया कि रिश्वत लेने और पुराने मामलों के निस्तारण के लिए वह अलवर में रह रहे थे। उन्होंने अवकाश ले रखा था।