जयपुर के विद्याधर नगर में स्थित मल्टीप्लेक्स की इमारत में शनिवार सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। आग इमारत के बेसमेंट में लगी। बेसमेंट में दुकानें बनी हुई हैं। मल्टीप्लेक्स दूसरी मंजिल पर है। आग से कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि दुकानें जलने से व्यापारियों का आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन दल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। दो पुलिस थानों से जवान भी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने आग के कारण बेसमेंट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मल्टीप्लेक्स में अफरातफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने फायर फाइटिंग सिस्टम और मास्क लेकर बेसमेंट में प्रवेश किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके की बिजली को काट दिया गया। जिससे सिविल डिफेंस को रेस्क्यू करने में मदद मिली। सुबह लगभग साढे़ 10 बजे लगी आग पर खबर दिखने तक भी काबू नहीं पाया गया था। आग की चपेट में करीब दो दर्जन दुकानें आई हैं, जिनमें करोड़ों का माल होने की जानकारी है।
माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दुकानों को जलती देखकर कई व्यापारी बाहर सड़क पर रोते हुए देखे गए। अधिकांश व्यापारियों की कपड़ों की दुकानें थी । पुलिस उपायुक्त परीश देशमुख की निगरानी में बचाव कार्य हुए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारी नुकसान के संबंध में तथ्य जुटाएंगे।