नीचे दबने से चीख-पुकार मची, 21 स्टूडेंट और 1 टीचर घायल, ड्राइवर गिरफ्तार
जैसलमेर में तेज रफ्तार स्कूल बस संतुलन बिगड़ने से पलटी खा गई। हादसे में दो बच्चों के सिर कुचल गए और मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर खून बहने लग गया। 21 स्टूडेंट और 1 टीचर घायल हो गया है। बच्चे और स्कूल बैग इधर-उधर गिर गए। कई बच्चे बस के नीचे दब गए और चीख पुकार से कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल स्टूडेंट और टीचर को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बस में 30 से अधिक स्टूडेंट सवार थे, जबकि क्षमता 25 की बताई जा रही है।
गंभीर घायल बच्चे जोधपुर रेफर
पोकरण DYSP मोटाराम गोदारा ने बताया कि हादसे में हासम खान (12) और कासम खान (14) की मौत हो गई है। वहीं अब्दुल उम्र( 8), सिकंदर( 8), यासिन(12), हुसैन (13), आमिल( 5), असलम(10), बरकत(10), अमीर(10), असरफ(12), सतार(15), दिलबर(12), हुसैन(13), नासर(7), आवेश(6), महबूब(8), बाबू (9), अश्कर(10), रिजवान (11), मनार(10), नवाब खां (9) और एक अन्य स्टूडेंट सहित टीचर अमृतराम घायल हो गया है। घायल 20 स्टूडेंट को जोधपुर रेफर किया है। SDM पोकरण राजेश विश्नोई भी मौैके पर पहुंचे हैं।

मदद को चिल्लाने लगे बच्चे
जेतपुरा गांव के पास आज सुबह साढ़े 10 बजे हादसा हुआ। एपीजे अब्दुल कलाम पब्लिक स्कूल की बस का ड्राइवर सुभान खान बच्चों को लेने गया था। 30 से अधिक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। बस की तेज स्पीड के कारण जेतपुरा फांटा के पास बस पलट गई। बच्चों की चीख-पुकार मच गई। वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। मौके से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और बस के नीचे दबे बच्चों को एक-एक कर निकालना शुरू किया, लेकिन तब तक दो बच्चों की मौत हो गई। शवों और घायलों को फलसूंड के राजकीय अस्पताल भेजा। गंभीर 20 घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। ड्राइवर सुभान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हादसा इतना भयानक था कि दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे है। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बस पलटी और बच्चों के रोने व बचाओ-बचाओ की आवाज आने लगी। बच्चों की चीख पुकार मच गई। पुलिस और लोगों ने बच्चों को संभालना शुरू किया।