कोटा में एक नाबालिग बच्चे का अपहरण करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने ऊपर दर्ज केस को खत्म कराने के लिए मासूम का अपहरण किया था। पुलिस ने चार घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। 


ग्रामीण एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि बच्चे के परिजन ने थाना कैथून पर एक रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि रविवार की सुबह 8:00 बजे उनका 14 वर्षीय बेटा परीक्षा देने स्कूल गया था। पेन लेने के लिए स्कूल से बाहर निकला तो आरोपी उसे अगवा कर ले गया।

आरोपी के विरुद्ध उन्होंने एक साल पहले घर में आग लगाने और बेटी से दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। बेटे के अपहरण का पता लगने पर जब उन्होंने आरोपी को कॉल किया तो उसने अपने ऊपर लगाए मुकदमे खत्म कराने की कह बेटे को जान से मारने की धमकी दी।

एसपी सागर ने बताया कि इस रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर थाना पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम प्रजापत के सुपरविजन व सीओ ग्रामीण नेत्रपाल सिंह के निर्देशन और थाना अधिकारी महेंद्र कुमार मारू के नेतृत्व में थाना कैथून से अलग-अलग टीमें गठित की गई। आरोपी की लोकेशन का पता कर पुलिस ने मात्र चार घंटे में आरोपी को नैनवा रोड बूंदी से पकड़ कर बच्चे को सकुशल दस्तयाब कर लिया।