राजस्थान में अशोक गहलोत की सरकार लगातार भाजपा के निशाने पर है। भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने एक बार फिर से राजस्थान की गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राज्यवर्धन राठौर ने दावा किया कि राजस्थान में कानून व्यवस्था कांग्रेस विधायकों की जेब में है। उन्होंने कहा कि जिस तरह गहलोत जी का इस्तीफा सोनिया मैडम के पास रखा है, उसी तरह राज्य की कानून व्यवस्था भी कांग्रेस विधायकों के जेब में गिरवी रखी है।
इसके साथ ही भाजपा नेता ने दावा किया कि महीने भर बाद भी AEN को पीटने वाले MLA मलिंगा की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कैसे रुकेगा राजस्थान में अपराध, जब आरोपियों को मिल रहा हो सत्ता का साथ। राज्यवर्धन राठौर ने धौलपुर में सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता पर हुए जानलेवा हमले के मामले को उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने दो अखबारों की खबर को भी ट्वीट किया है। इस मामले में कांग्रेस विधायक को आरोपी बनाया गया है। हालांकि विधायक की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।