एसीबी भीलवाड़ा यूनिट-2 की टीम ने जिले के साेमवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए मांडलगढ़ नगर पालिका के चेयरमैन संजय डांगी को 4 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। चेयरमैन ने यह राशि मांडलगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में करवाए गए निर्माण कार्यों के बिलों के भुगतान करने और एसडी राशि जारी करने की एवज में ठेकेदार से 23 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से मांगी थी।

एसीबी भीलवाड़ा-2 के एडिशनल एसपी ब्रजराज सिंह चारण ने बताया कि परिवादी ने 18 जून काे एसीबी चाैकी भीलवाड़ा पर शिकायत की थी। इसमें परिवादी ने बताया कि चेयरमैन संजय डांगी निर्माण कार्यों के बिलों के भुगतान करने और एसडी राशि जारी करने की एवज में रिश्वत मांग रहा है। 19 जून काे परिवादी ने शिकायत के सत्यापन के समय आराेपी चेयरमैन संजय डांगी काे पहली किश्त के रूप में 30 हजार रुपए दिए।

इसके बाद साेमवार काे इंस्पेक्टर शिवप्रकाश टेलर के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने मांडलगढ़ पहुंचकर ट्रैप कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। चेयरमैन ने जैसे ही ठेकेदार से 4 लाख 20 हजार रुपए लिए ताे एसीबी टीम ने चेयरमैन पुरानी आबादी मांडलगढ़ निवासी संजय पुत्र मूलचंद डांगी काे ट्रैप कर लिया। उससे रिश्वत राशि 4.20 लाख रुपए बरामद कर लिए गए। ट्रैप कार्रवाई टीम में एएसपी ब्रजराज सिंह, इंस्पेक्टर शिवप्रकाश समेत हैड कांस्टेबल गाेपाल जोशी, कांस्टेबल रामेश्वरलाल, शिवराजसिंह, प्रेमराज आदि शामिल थे।

संजय डांगी।

संजय डांगी।

पीड़ित ठेकेदार ने करवाया था सड़क और नाली निर्माण
पीड़ित ने ठेकेदार ने बताया कि उसके द्वारा मांडलगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सड़क निर्माण से लेकर नाली बनाने के कई काम करवाए गए थे। जिसका नगर पालिका को करीब 18 लाख का भुगतान करना है।

ठेकेदार काे रिश्वत के लिए अपने बाइक शाेरूम पर बुलाया, एसीबी ने दबाेचा
एसीबी के इंस्पेक्टर शिवप्रकाश ने बताया कि नगरपालिका चेयरमैन संजय डांगी ने ठेकेदार काे रिश्वत राशि लेकर काेटा राेड पर अपने बाइक शाेरूम पर बुलाया था। इस दौरान एसीबी की टीम शोरूम के बाहर ही मौजूद रही। परिवादी ने शोरूम में डांगी काे रुपए दिए ताे एसीबी टीम इशारा पाकर वहां पहुंची। टीम ने चेयरमैन डांगी की बैठने की जगह के पास रखी टेबल की ऊपर की दराज से रुपए बरामद कर लिए।

संजय डांगी से पूछताछ में जुटी एसीबी की टीम।

संजय डांगी से पूछताछ में जुटी एसीबी की टीम।

घर और ऑफिस की तलाशी जारी
कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम आरोपी चैयरमेन के घर और ऑफिस भी पहुंची। दोनों जगह मौजूद दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ दोनों जगहों पर लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।