राजस्थान में 19 जिलों की 34 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में 72.32 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सबसे ज्यादा मतदान बाड़मेर जिले की धोरीमन्ना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत में हुआ जहां 92.88 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। इन चुनावों में कुल 130 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
रविवार सुबह 7:30 बजे से मतदाताओं ने मतगणना स्थलों पर वोट डालना शुरू किया था। इसके बाद शाम 5:30 बजे मतदान समाप्त हो गया। इसके मतगणना शुरु हो गई। इसके परिणाम देर रात तक जारी होंगे। आपको बता दें कि सुबह 10 बजे तक 19.08 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे मतदान का प्रतिशत 38.39 तक पहुंच गया। दोपहर 3 बजे प्रतिशत 58.21 तक जा पहुंचा और शाम बजे 5.30 बजे 72.11 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान समाप्ति के बाद कुल 72.32 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।
6 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुने गए सरपंच, 8 ग्राम पंचायतों में एक भी नामांकन नहीं भरा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव चित्रा गुप्ता ने बताया कि कुल 48 ग्राम पंचायतों में से 8 ग्राम पंचायतों में कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया, जबकि 6 ग्राम पंचायतों के लिए उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस तरह शेष 34 ग्राम पंचायतों में 130 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 22 जिलों की 40 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 214 उम्मीदवारों ने 215 नामांकन पत्र दाखिल किए। संवीक्षा और नाम वापसी के बाद 130 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। उन्होंने बताया कि सरपंच का चुनाव ईवीएम व पंच का चुनाव मतपेटी के जरिए किया जाएगा। गुप्ता के मुताबिक मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना होगी। मतदाताओं से कोविड-19 संबंधी सभी गाइडलाइन की पालना के साथ मतदान करने की अपील की है।
भीलवाड़ा में बनेड़ा, बीकानेर में नोखा व पुगल, चित्तौड़गढ़ में बड़ी सादड़ी, बेगूं, चुरु जिले में राजगढ़, दौसा में बैजूंपाड़ा, डूंगरपुर में सागवाड़ा, जैसलमेर, झालावाड़ में बकानी में एक-एक, करौली में नादौती में 2 ग्राम पंचायतों, कोटा में इटावा व खैराबाद में एक-एक ग्राम पंचायत, नागौर में नागौर, सीकर में अजीतगढ़ व पाटन में एक-एक, श्रीगंगानगर में घड़साना व करणपुर, टोंक में देवली व निवाई में एक एक ग्राम पंचायत के लिए चुनाव हो रहा है। इसी तरह, जोधपुर में लूणी व उदयपुर में खैरवाड़ा में 2 और ऋषभदेव जी में 1 ग्राम पंचायत के लिए चुनाव हो रहा है।
नागौर जिले की सबसे बड़ी पंचायतो में से एक बासनी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए हो रहे उपचुनाव को लेकर रविवार सुबह सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हो गया है। प्रारम्भिक दौर में ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई हैं। लोगों में अपने सरपंच के चुनाव को लेकर भारी उत्साह देखा अजा रहा है। प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस बार बासनी ग्राम पंचायत पद के लिए दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। पूर्व मंत्री हबीबुर्रहमान की बेटी शाहीन, कांग्रेस विधायक प्रत्याशी रहे शौकत अली की पुत्रवधु शबनम बानो और पूर्व उपजिला प्रमुख चांद बीबी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
भरतपुर में भी प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर, भारी पुलिस जाब्ता लगाया
भरतपुर जिले की जघीना ग्राम पंचायत में रविवार को सरपंच पद के लिए उप चुनाव किया जा रहा है। सरपंच पद के चुनावों के लिए दो प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। इसमें नरेंद्र सिंह हैं जो पेशे से वकील हैं और उनके सामने पुष्पेंद्र हैं। दोनों प्रत्याशियों की जबरदस्त टक्कर बताई जा रही है। जघीना ग्राम पंचायत में 4 गांव आते हैं। जिनकी जनसंख्या करीब 15 हजार के आसपास है। यहां चारों गांव में 8 हजार 500 मतदाता है। अब सरपंच पद का कार्यकाल 3 साल 6 महीने का बचा है। चुनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया हुआ है। इससे पहले मंगू राम जघीना ग्राम पंचायत के सरपंच थे। उनका 1 जून को निधन हो गया था।