नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के बयान पर सियासी विवाद हो गया है। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कटारिया और BJP पर निशाना साधते हुए कहा- BJP नेताओं का घमण्ड चरम पर है। बीजेपी नेता अपने झूठ, फरेब और घमंड में इतना चूर हो गए हैं कि भगवान श्रीराम के लिए भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गुलाब चन्द कटारिया का यह कहना कि BJP नहीं होती तो श्रीराम समुद्र में होते। यह भाजपा के पतन का कारण बनेगा। रामचरित मानस में लिखा है कि जिसको दुख देना होता है, भगवान उसकी बुद्धि पहले ही हर लेते हैं। खाचरियावास सोमवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
सत्ता के नशे में चूर
खाचरियावास ने कहा- श्रीराम के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग कर उनके भक्तों की भावनाओं को आहत किया गया है। इस प्रयास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को माफी मांगनी चाहिए। आजादी के बाद भाजपा को कोई जानता भी नहीं था। आज भाजपा और उसके नेता सत्ता के नशे में इतना चूर हो गए हैं कि वे न तो जनता की भावनाओं की कद्र करते हैं और न भगवान को मानते हैं। महंगाई, भुखमरी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी को बढ़ावा देती भाजपा सरकार जनता के दुख-दर्द को भूल गई है। अपनी मनमानी कर रही है।
पतन का रास्ता ढूंढ लिया
खाचरियावास ने कहा- भगवान श्रीराम के लिये गलत शब्दों का प्रयोग करके भाजपा ने अपने पतन का रास्ता ढूंढ लिया है। रामभक्तों की धार्मिक भावनाओं पर कुठाराघात किया है। गुलाबचन्द कटारिया ने रामभक्तों और देश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसके लिए श्रीराम उन्हें कभी क्षमा नहीं करेगें। जो भाजपा नेता भगवान श्रीराम के लिए गलत शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं वे जनता की कहां सुनेगें? भाजपा नेताओं के कर्मों का दण्ड उन्हें श्रीराम ही देंगे।