जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान इस हफ्ते दो मंदिरों को ध्वस्त किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने अलवर जिले के राजगढ़ दौरा किया, जहां पर उन्हें स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। इस दौरान कांग्रेस महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह ने ऐलान किया कि हम उसी स्थान पर फिर से मंदिर बनवाएंगे। 

https://twitter.com/ANI_MP_CG_RJ/status/1517807801376329728?s=20&t=a87vvR34Wopd7k_v0zuXNw

एडीएम अलवर सुनीता पंकज ने बताया कि वहां पर 3 मंदिर थे। जिनमें से 2 निजी मंदिर थे और एक नाले पर बनाया गया था। प्रशासन ने लोगों की सर्वसम्मति से मूर्तियों को हटाया। नगर पालिका द्वारा लोगों की उचित सहमति से गैर-विवादास्पद भूमि पर मंदिर बनेंगे। 

गौरतलब है कि राजगढ़ में रविवार और सोमवार को दो मंदिरों और कुछ दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने एक सड़क को चौड़ा करने के लिए की गई इस कार्रवाई को अतिक्रमण रोधी अभियान बताया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई की मंजूरी भाजपा शासित राजगढ़ नगरपालिका बोर्ड ने दी थी और कार्रवाई में किसी भी प्रतिमा या गर्भगृह को नुकसान पहुंचने से इंकार किया है।