आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कोटा-बूंदी लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी ओम बिरला ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इससे पूर्व ओम बिरला ने कोटा के नयापुरा स्थित जेके पेविलियन स्टेडियम के बाहर सभा को संबोधित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी और बीजेपी जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित कई वर्तमान व पूर्व विधायक, भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा को संबोधित करने के बाद ओम बिरला रैली के रूप में नामांकन भरने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। रैली में हजारों लोगों की भीड़ देखी गई।

नामांकन दाखिल करने के बाद ओम बिरला ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों कार्य योजनाओं और सफलता से पूरी दुनिया में भारत की साख बढ़ी है। पिछले 10 साल के कार्यकाल से लोगों के प्यार और स्नेह के बल पर इस बार फिर से केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा मैदान छोड़ने की बात पर बिरला ने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ क्यों मची हुई है, यह वही बता सकते हैं। लेकिन उनका हमेशा ही यह मानना रहा है कि सकारात्मक होकर चुनाव लड़ना चाहिए। भाजपा मोदी जी के विजन के अनुसार, विकसित भारत की सभी योजनाओं को तीसरे कार्यकाल में लागू करके सफल बनाएगी। इस चुनाव में राजस्थान से फिर से तीसरी बार क्लीन स्वीप करते हुए 25 में से 25 सीटों पर जीत हासिल करेगी।