प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र के कई जिलों में प्री-मानसून की बूंदें बरसीं। इससे तापमान में गिरावट होने पर प्रदेशवासियों को गर्मी से निजात मिली। बात जयपुर की करें तो यहां शनिवार को 2.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गुलाबी नगरी में दोपहर तक तेज गर्मी पड़ी। इसके बाद मौसम बदला और देर शाम तक तेज बौछार गिरीं। इससे पारा 36 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग की मानें तो जयपुरवासियों को मानसून का 10 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। यहां 1 जुलाई के आसपास मानसून प्रवेश करेगा। इससे पहले तेज हवाओं के साथ भी बूंदाबादी के दौर चलते रहेंगे।
प्रदेश में शनिवार को सबसे कम 28.4 डिग्री तापमान भीलवाड़ा शहर का दर्ज किया गया। डबोक उदयपुर में 29 डिग्री, कोटा में 32.5 डिग्री रहा। इसके अलावा चार शहरों में 40 डिग्री और इससे ऊपर पारा चढ़ा रहा। इनमें सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 41.3 डिग्री और बूंदी में 41 डिग्री रहा। इसी तरह, बीकानेर में 40.6 डिग्री, जैसलमेर में 40 डिग्री रहा। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार रविवार और सोमवार को कुछ इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश होगी। मंगलवार से एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। सबसे ज्यादा गर्मी से तपने वाले चुरु में तापमान 37.5 डिग्री रहा।
रविवार सुबह 8:30 बजे तक इन प्रमुख शहरों के तापमान
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान इस प्रकार रहे है। इनमें अजमेर में 34 डिग्री, वनस्थली टोंक में 35.4 डिग्री, अलवर में 37.7 डिग्री, पिलानी झुंझुनूं और सीकर में 37 डिग्री के आसपास तापमान रहा। इसी तरह, सवाईमाधोपुर में 36.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 31 डिग्री, बाड़मेर में 31.7 डिग्री, जोधपुर में 36.1 डिग्री, पाली में 38.1 डिग्री, फलौदी में 38.8 डिग्री, नागौर में 39.3 डिग्री, करौली में 38.6 डिग्री, धौलपुर में 36.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।