राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ( आरएसएमएसएसबी ) की पटवारी भर्ती परीक्षा और राजस्थान बिजली विभाग ( आरवीयूएनएल ) की जूनियर असिस्टेंट के पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा की तारीखें टकरा रही हैं। पटवारी भर्ती परीक्षा 23 व 24 अक्टूबर को होगी और जूनियर असिस्टेंट का एग्जाम 22 से 25 अक्टूबर तक शेड्यूल्ड है। ऐसे बहुत से उम्मीदवार हैं जिन्होंने दोनों भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। अब ये उम्मीदवार इन दोनों में से किसी एक भर्ती परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। 

उम्मीदवारों का कहना है कि उन्होंने दोनों परीक्षाओं की अच्छी तैयारी की है। फीस भी भरी है। अगर वह किसी भी एग्जाम में नहीं बैठ पाते हैं तो उनका समय और पैसा व्यर्थ जाएगा। यह उनके भविष्य का सवाल है। दोनों भर्ती परीक्षाओं में आवेदन करने वाले अशोक गुप्ता ने कहा, 'बिजली विभाग की भर्ती परीक्षा लंबे समय के बाद हो रही है। पटवारी में भी वैकेंसी की अच्छी संख्या है। इन दोनों में बैठने का अवसर मिलना चाहिए। मैं लंबे समय से इन दोनों की तैयारी कर रहा हूं। सरकार को ध्यान से भर्ती परीक्षाओं की डेट तय करनी चाहिए। वह हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ न करे।'


उधर, चयन बोर्ड ने पटवारी भर्ती का नया जिलेवार और वर्गवार आरक्षण का वर्गीकरण जारी किया है। आरएसएमएसएसबी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर rsmssb.rajasthan.gov.in पर नोटिस जारी कहा है कि बोर्ड द्वारा राजस्व मंडल, अजमेर के लिए पटवार सीधी भर्ती 2021 के तहत गैर अनुसूचित क्षेत्र के 4615 और अनुसूचित क्षेत्र के 763 (कुल 5378) पदों पर भर्ती के लिए संशोधित नोटिफिकेशन 8 जुलाई 2021 को जारी किया गया था। राजस्व मंडल ने फिर से संशोधित अर्थना बोर्ड को भेजी है। अब उक्त पदों का नया जिलेवार और वर्गवार आरक्षण का वर्गीकरण जारी किया गया है। नोटिफिकिकेशन की अन्य शर्ते पहले जैसी रहेंगी।