वंदे गंगा अभियान को बताया दिखावा, युवा कांग्रेस ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

राजस्थान सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ के विरोध में गुरुवार को अजमेर में युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आनासागर झील में उतरकर वहां फैले कचरे को इकट्ठा किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला जलाकर अभियान को केवल प्रतीकात्मक करार दिया।

प्रदर्शन स्थल बना झील का किनारा

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने कहा कि यह अभियान भले ही पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, लेकिन अजमेर जैसे प्रमुख शहर में, जहां विधानसभा अध्यक्ष का गृह क्षेत्र भी शामिल है, यह केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे।

साफ-सफाई के नाम पर भारी अनियमितताओं का आरोप

मल्होत्रा ने कहा कि पहले भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आनासागर चौपाटी पर पहुंचकर इस अभियान के नाम पर किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार का विरोध जताया था। उनका आरोप था कि झील की सफाई के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर दिए गए, लेकिन ना मशीनें आईं, ना ही कोई श्रमदान हुआ। केवल कुछ दिन का दिखावटी श्रमदान कर प्रचार सामग्री तैयार की गई।

भ्रष्टाचार के खिलाफ चेतावनी

युवा कांग्रेस नेता लोकेश शर्मा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल संरक्षण के मुद्दे पर गंभीरता नहीं बरती गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य जन संगठनों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

स्थानीय भाजपा नेताओं पर भी निशाना

सागर मीणा ने भाजपा के दो स्थानीय विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन उनकी मौजूदगी में भी मनमानी कर रहा है और आनासागर झील के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले स्मार्ट सिटी परियोजना और अब जल संरक्षण योजना के नाम पर जनता के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है।

नारों से गूंजा शहर

प्रदर्शन के दौरान “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “भजनलाल शर्मा इस्तीफा दो”, और “वंदे गंगा नहीं, भ्रष्टाचार अभियान” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जल संरक्षण जैसे गंभीर विषय पर केवल दिखावा नहीं, बल्कि पारदर्शी और ईमानदार प्रयास होने चाहिएं।

प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य रूप से अकबर हुसैन, पवन ओड, शोएब अख्तर, अंकित पंवार, मुनींद्र मीणा, गर्व दत्त शर्मा, ओमप्रकाश मंडावरा, फारूक खान, शेख मुस्तकीम, दीपेंद्र चेतनिया, हनीश मारोठिया, राजवीर गुर्जर, शेन मसीह, लोकेश राजोरिया, कविता कहार, लता कुमारी आदि की उपस्थिति रही।

Read News: करनाल और अंबाला में एनआईए की छापेमारी, विदेश से संदिग्ध फंडिंग की जांच तेज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here