लखनऊ। प्रदेश सरकार ने यूपी-112 परियोजना के दूसरे चरण के तहत 659 नई “पुलिस रिस्पांस व्हीकल” (पीआरवी) खरीदने की मंजूरी दे दी है। इस पर कुल 6.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन वाहनों में बजाज पल्सर 150 सीसी (किक स्टार्ट) बाइक शामिल होंगी और इन्हें जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदा जाएगा। एक बाइक की कीमत 94,068 रुपये रखी गई है।
पीआरवी यूपी-112 सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और आपात स्थितियों में पांच से दस मिनट के भीतर मदद पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इन मोटरसाइकिलों को शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया जाएगा। नई पीआरवी बाइकें खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तेजी से पहुंच सुनिश्चित करेंगी, जिससे कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा में मजबूती आएगी।
विशेष सचिव गृह के आदेश में कहा गया है कि वाहनों की खरीद प्रक्रिया पूरी तरह से नियमों, गुणवत्ता मानकों और वित्तीय अनुशासन के अनुरूप होनी चाहिए। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि खरीद में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।