लखनऊ। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस युवाओं के शर्टलेस प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सार्वजनिक रूप से अस्वीकार किया है।

हालांकि सपा आईएनडीआईए गठबंधन के तहत कांग्रेस के साथ है, लेकिन अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि वैश्विक मंच पर इस तरह का प्रदर्शन स्वीकार्य नहीं है। इससे पहले ही बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की थी।

वैश्विक मंच पर सम्मान बनाए रखना जरूरी

अखिलेश यादव ने कहा कि “जब किसी कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित हों, तो ऐसे प्रदर्शन से देश की छवि पर असर पड़ता है। चाहे सरकार पर आरोप हों, या आंतरिक मतभेद हों, इसे दुनिया के सामने नहीं दिखाना चाहिए।” उन्होंने यह भी जोड़़ा कि राजनीतिक मतभेदों को देश की प्रतिष्ठा पर असर डाले बिना सुलझाया जाना चाहिए।

चीन के रोबोट पर सरकार को चेतावनी

अखिलेश यादव ने सरकार द्वारा समिट में प्रदर्शित चीन के रोबोट पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि “यह आयोजन ‘मेक इन इंडिया’ जैसी पहलों को प्रदर्शित करने का मौका था, लेकिन चीन का रोबोट यहां क्यों दिखाया गया, यह सही नहीं है। इससे देश की अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित हुई।”

सपा मुखिया ने यह स्पष्ट किया कि उनका विरोध केवल प्रदर्शन के तरीके और देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली परिस्थितियों से है, न कि राजनीतिक गठबंधन से।