अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। चिलकौरा की नगरिया इलाके में 55 वर्षीय पेट्रोल पंप संचालक नरोत्तम सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वारदात के दौरान उनकी आंखें भी क्षतिग्रस्त कर दीं, जिससे घटना की क्रूरता और बढ़ गई।
पुलिस के मुताबिक, नरोत्तम सिंह धौर्रा माफी के रहने वाले थे और “सिटी एनर्जी” नाम से पेट्रोल पंप संचालित करते थे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मुख्य आरोपी अपने एक साथी के साथ नरोत्तम के घर पहुंचा और उन्हें चिलकौरा स्थित निर्माणाधीन मकान तक छोड़ने को कहा। नरोत्तम उन्हें स्कूटी से वहां ले गए, जहां अंदर ले जाकर विवाद के बाद उनकी हत्या कर दी गई।
सुबह से संपर्क न होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शक के आधार पर वे आरोपी के चिलकौरा स्थित निर्माणाधीन मकान पहुंचे। दोपहर करीब 3:30 बजे मकान का ताला खुलवाया गया, जहां अंदर नरोत्तम सिंह का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और आरोपियों के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने समझाकर लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में जमीन और पैसों के लेनदेन को हत्या की वजह माना जा रहा है।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि परिजनों से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।