लखनऊ। नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी है। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी मजबूत करने के साथ-साथ पहले हुई परीक्षाओं में चिह्नित किए गए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा साइबर सेल सोशल मीडिया पर सक्रिय संदिग्ध खातों की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद पुलिस ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। सभी जिलों में तैनात जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ परीक्षा केंद्रों के प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 59 जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

महिला सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर जोर

परीक्षा केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी भीड़ नियंत्रण और मार्गदर्शन के लिए अलग से पुलिस बल लगाया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

अफवाहों और फर्जी जानकारी पर सख्ती

परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई के लिए एसटीएफ को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। साइबर सेल और एसटीएफ मिलकर सोशल मीडिया की निगरानी कर रहे हैं और संदिग्ध पोस्ट या खातों की जानकारी तुरंत साझा की जा रही है।

जैसे ही किसी अकाउंट से गलत या भ्रामक सूचना फैलती है, संबंधित जानकारी एसटीएफ को भेजकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

पुराने मामलों से जुड़े नेटवर्क पर भी नजर

एसटीएफ की टीमें उन लोगों और नेटवर्क पर भी नजर रख रही हैं, जो पहले हुई विभिन्न परीक्षाओं में गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता बनाए रखना और किसी भी तरह की अनियमितता को रोकना है।