बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भदसिया में असीरउद्दीन की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। रविवार को पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी असीरउद्दीन की पत्नी और साढू को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
असीरउद्दीन का शव 27 जनवरी को गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला था। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी और पत्नी, बहनोई व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू की थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक की सिर में दो गोलियों से मौत हुई थी।
मृतक के पिता इशारउद्दीन ने बताया कि असीरउद्दीन की पहली शादी गांव की अंजुम से हुई थी, जिनसे उसका एक बेटा है। असीरउद्दीन ने 2016 में अपनी दूसरी शादी साली अर्शी से की थी। हालांकि, शादी के बाद अर्शी ज्यादातर समय बहनोई के साथ दिल्ली या अपने मायके में रहती थी। असीरउद्दीन दिल्ली में कबाड़े का कारोबार करता था और लगभग दस दिन पहले घर आया था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार की रात आठ बजे पत्नी अर्शी ने अपने बहनोई गुलफाम और कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर असीरउद्दीन की हत्या की और शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या की घटना का खुलासा कर लिया गया है और आरोपी पत्नी व साढू ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।