बागपत। जनपद के खेकड़ा क्षेत्र में ड्यूटी से घर लौट रहे एक बाउंसर की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना खेकड़ा पाठशाला के पास एनबीसीसी कॉलोनी के सामने हुई, जहां अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे में गंभीर चोट लगने से बाउंसर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिर में गंभीर चोट बनी मौत का कारण
जानकारी के अनुसार, संतोषपुर गांव निवासी भीम सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह एनबीसीसी कॉलोनी के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरियाणा में करते थे नौकरी
मृतक के भाई सोनू ने बताया कि भीम सिंह हरियाणा स्थित एक मनोरंजन स्थल (जुरासिक पार्क) में बाउंसर के रूप में कार्यरत थे। वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
CCTV से आरोपी की तलाश
पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।