मेरठ। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने गंगानगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया।

विवेचना से जुड़े मामले में मांगी गई थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद पर एक विवेचना से जुड़े मामले में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी दरोगा को रिश्वत लेते समय पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि प्रकाश चंद 2015 बैच के उपनिरीक्षक हैं और वर्तमान में गंगानगर थाने में तैनात थे।

पुलिस लाइन गेट के पास हुई गिरफ्तारी

सूत्रों के मुताबिक, टीम ने आरोपी को पुलिस लाइन गेट नंबर तीन के पास पकड़ा। इसके बाद एंटी करप्शन टीम उसे सिविल लाइन थाने ले गई।

पूछताछ जारी

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद पूरे मामले में और तथ्य सामने आएंगे।