टिहरी: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने नरेंद्रनगर बाईपास पर आगे बढ़ने से रोक दिया। वे प्रतापनगर के देवल गांव में केतन लाल के परिजनों से मुलाकात करने और उन्हें सांत्वना देने जा रहे थे।

नरेंद्रनगर क्षेत्र में बारिश के बीच सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने सांसद के काफिले को बाईपास पर ही रोक दिया। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद अपने साथ देवल गांव जाने की जिद पर अड़े रहे, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि वे केवल 10-12 लोगों के साथ आगे जा सकते हैं, अधिक भीड़ को अनुमति नहीं दी जाएगी।

हरिद्वार में भी कार्यकर्ताओं को रोका गया

केतन हत्याकांड को लेकर टिहरी जा रहे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को हरिद्वार में शंकराचार्य चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। कार्यकर्ता आगे बढ़ने की मांग करते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी।

इस दौरान कुछ पदाधिकारी पहले ही अलग-अलग वाहनों से आगे निकल गए थे, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। वहीं सांसद चंद्रशेखर आजाद का काफिला हरिद्वार से आगे बढ़ा, लेकिन शंकराचार्य चौक और बाद में नरेंद्रनगर बाईपास पर उसे रोक दिया गया।

पहले भी हुआ था विवाद

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी केतन हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार को पुलिस ने शंकराचार्य चौक पर रोक दिया था। उस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प जैसी स्थिति बन गई थी, जिसमें सांसद की शर्ट फटने की बात भी सामने आई थी। बाद में आईजी गढ़वाल के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ था।

देहरादून में कार्यकर्ताओं की हिरासत

इसी बीच देहरादून में अनुसूचित जाति उत्पीड़न के विरोध में मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया। सभी कार्यकर्ताओं को बाद में डालनवाला थाने ले जाया गया।