श्रावस्ती जिले के सिरसिया क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के क्रैश बैरियर से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे दो रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मल्हीपुर क्षेत्र के ककरदरी गांव निवासी राजू अपने रिश्तेदारों सीताराम और गगन के साथ नेपाल से लौट रहे थे। तीनों शनिवार देर रात ककरदरी-तालबघौड़ा सैनिक मार्ग पर खैरी गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर से टकरा गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक राजू का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे दोनों युवक सीताराम और गगन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी जवान और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक शशिकांत, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सिंह और राजपुर पुलिस चौकी प्रभारी दीपक गिरी ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिनगा भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, तीनों युवक नेपाल से वापस लौट रहे थे। मृतक के पिता रामसमुझ की तहरीर पर मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।