बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव तिगरा में पांच दिन पहले पेड़ से लटके मिले 10 वर्षीय बालक विशाल उर्फ गोपाल की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मासूम की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता विजय सिंह ने ही की थी। आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह घटना 14 अप्रैल की है, जब गांव तिगरा निवासी विजय सिंह के बेटे विशाल का शव खेत में पेड़ से लटका मिला था। शुरुआत में पिता ने इसे हत्या बताकर अज्ञात लोगों पर आरोप लगाए थे, लेकिन कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था।

तीन दिन बाद 17 अप्रैल को मामले ने नया मोड़ लिया, जब मृतक के मामा राजेश ने पुलिस को शिकायत देकर सीधे तौर पर विजय सिंह पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश तेज कर दी।

सहसवान पुलिस ने रविवार को आरोपी विजय सिंह को नाधा मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह शराब और जुए का आदी था और इसी कारण उसने पत्नी के गहने भी बेच दिए थे। घर में हुए विवाद और गुस्से में उसने अपने ही बेटे की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी घर से रस्सी लेकर निकला और खेत में खेल रहे बेटे विशाल को अपने साथ ले गया। वहां उसने रस्सी से फंदा लगाकर उसे पेड़ पर लटका दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह सामान्य बनने का नाटक करता रहा और भीड़ के बीच शामिल हो गया।