उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली नगर पुलिस ने नुमाइश पुल के नीचे से एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के सहारे यहां रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पाकिस्तान का पासपोर्ट बरामद किया है।

नुमाइश पुल के नीचे से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर और एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नुमाइश पुल के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बासिद इरशाद के रूप में हुई, जो पाकिस्तान के न्यू कराची इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

फर्जी पहचान से बनवाए दस्तावेज

जांच में पता चला कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर सैय्यद वासित अली नाम से भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। इन दस्तावेजों में सुशीला विहार (भूड) का पता दर्ज था। पुलिस द्वारा संबंधित विभागों से कराए गए सत्यापन में आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी पाए गए।

बताया जा रहा है कि आरोपी की मां के पास भारत में रहने के लिए लॉन्ग टर्म वीजा है। वहीं आरोपी ने भी वीजा के लिए आवेदन किया था, जिस पर अभी शासन स्तर पर विचार किया जा रहा है।

मेरठ में पहले भी दर्ज हो चुका है केस

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बासिद इरशाद का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। वर्ष 2012 में मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में विदेशी अधिनियम के तहत उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।