मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला अचानक चर्चा का विषय बन गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लगभग तीन घंटे की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। यह मामला गगोल रोड स्थित कनोहर तिराहे के पास का है।

प्रेमिका की शादी से नाराज होकर उठाया कदम

पुलिस के अनुसार, टावर पर चढ़े युवक की पहचान विवेक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह वर्तमान में मेरठ की एक निजी कंपनी में काम करता है और इंदिरापुरम कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक, विवेक का उसी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला से प्रेम संबंध था, लेकिन कुछ समय पहले महिला ने किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया। इसके बाद उसने युवक से बातचीत भी बंद कर दी। इसी बात से आहत होकर वह शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

पुलिस और दोस्तों की समझाइश से उतरा नीचे

स्थानीय लोगों ने जब युवक को टावर पर चढ़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया।

तेज धूप और गर्मी को देखते हुए पुलिस ने दो स्थानीय युवकों के माध्यम से उसे पानी भी भिजवाया। इसके बाद उसके दोस्तों को मौके पर बुलाया गया। दोस्तों से बातचीत के बाद विवेक शांत हुआ और करीब तीन घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतर आया।

थाने ले जाकर पूछताछ जारी

युवक को नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे की जाएगी।