सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के 15 जिलों में बेमौसम बारिश से बाढ़ ने तबाही मचाई है। पूर्वांचल में पहले सूखा फिर बाढ़ में फसल चौपट हुई है। मकान ढह गए हैं या फिर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सभी को सीएम आवास योजना से आच्छादित करेंगे। अन्नदाता निराश न हों, हर क्षति की भरपाई सरकार करेगी। प्रभावितों को खाद्य सामग्री व इलाज की मुकम्मल सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिले के मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के सिंचाई कॉलोनी परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री बाढ़ के हालात जानने पहुंचे थे। हेलीकाप्टर से तीनों तहसीलों में बाढ़ का सर्वेक्षण कर प्रभावितों से रूबरू हुए। सीएम ने कहा कि मिलकर आपदा का मुकाबला करेंगे। अधिकारियों की टीम लगाई गई है।
फसल क्षति का जल्द आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। सभी प्रभावित किसानों व बंटाइदारों को मुआवजा मुहैय्या कराया जाएगा। कहा कि नदी व बाढ़ में कटे व ढहे मकान से प्रभावित परिवारों को घबराने के जरूरत नहीं है। बाढ़ से राहत मिलते ही उन्हें सीएम आवास मुहैय्या कराया जाएगा। कहा कि किसी भी परिवार के सामने खाद्य सामग्री व इलाज का संकट नहीं होने देंगे। राशन किट के साथ लंच पैकेट हर रोज उन्हें मिलेगा।
जिले में नोडल अधिकारी नामित किए जा रहे हैं। उनकी देखरेख में सभी कार्य किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि वे स्वयं व उनके मंत्री भी जिलों में दौरा कर स्थिति का आकलन कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि जनहानि होने पर पीड़ित परिवारों को चार लाख रुपये आर्थिक सहायता तत्काल मिलेगा।
सरकार हर कदम पर प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी हुई है। किसी भी प्रकार की कमी होने नहीं देंगे। कहा कि वे सीधे नजर रख रहे हैं। कोई भी प्रभावित परिवार व किसान राहत से वंचित नहीं रहेगा। लगभग 35 मिनट ठरहने के बाद सीएम हेलीकाप्टर से रवाना हो गए।
सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, विधायक बलहा सरोज सोनकर, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा , विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, डीएम डॉ. दिनेश चंद्र, एसएसपी केशव कुमार चौधरी, एडीएम मनोज कुमार, सीआरओ अवधेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
प्रिया पर बरसा योगी का स्नेह
सीएम के हाथों राशन किट लेने के लिए गोपिया गांव की रीता देवी अपनी तीन माह की बच्ची प्रिया को लेकर भी पहुंची थी। बच्ची को देखते हुए सीएम से रहा नहीं गया। उन्होंने झट से बच्ची को अपने गोद में ले लिया। रीता का हाल पूछा। कहा आपदा से विचलित मत होना। यह तुम्हारी सरकार है। हर विपदा से बचाएगी। कहा कि गांव में बाढ़ की क्या स्थिति है। लंच पैकेट मिल रहा है या नहीं। रीता के सिर हिलाने पर सीएम खुश नजर आए।
मुख्यमंत्री ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, बांटी राहत सामग्री
श्रावस्ती। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से श्रावस्ती एयरपोर्ट पहुंचे। वहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कालेज के सभागार में पहुंच कर राहत सामग्री का वितरण किया गया। बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री ने राहत सामग्री वितरित की। इसके साथ ही कहा कि कोई भूखा रहेगा न बेघर, सभी का जीवन अमूल्य है।
बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकले उत्तर प्रदेश के मुखिया शाम 3 बजकर52 मिनट पर श्रावस्ती एयरपोर्ट पर पहुंचे जहां से कार से चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज पहुंचे। इस दौरान बाढ़ परिवारों से मिलकर उनका हाल चाल लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा है कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता से युद्ध स्तर पर बचाव एवं राहत कार्य में लगा है। बाढ़ से प्रभावित कोई भी व्यक्ति न तो भूखा सोएगा और न ही कोई बेघर रहेगा। इस बार में जिस किसी का मकान या घर गिर गया है। उन्हें मुख्यमंत्री योजना के तहत मकान दिया जाएगा।
इस संबंध में प्रशासन के स्तर पर त्वरित कार्रवाई कराई जा रही है। न केवल बाढ़ बल्कि इसके बाद भी नागरिकों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए कार्ययोजना बना ली गई है। सीएम ने कहा कि प्रदेश के हरेक नागरिक का जीवन हमारे लिए अमूल्य है। हम आश्वस्त करते हैं कि आपदा के इस समय मे सरकार पूरी तत्परता व प्रतिबद्धता से आपके से खड़ी है।
इस मौके पर विधायक राम फेरन पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधान परिषद सदस्य डा प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा ओम, पद्मसेन चौधरी, डीएम नेहा प्रकाश, एसपी अरविन्द कुमार मौर्य, सीडीओ अनुभव सिंह आदि मौजूद रहे।ऐप पर पढ़ें