नई दिल्ली और एनसीआर में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। राजधानी समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम

दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम सहित कई इलाकों में दोपहर के बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सुबह तक तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था।

हरियाणा के सोनीपत और गुरुग्राम में भी अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली।

आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

लोगों को मिली राहत

अचानक बदले मौसम के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। कई जगहों पर लोगों ने बारिश और ठंडी हवाओं का आनंद लिया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।