मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर प्रदेश में चल रहे डिजिटल जनगणना अभियान के प्रथम चरण के तहत स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की। इस दौरान उन्होंने स्वगणना (सेल्फ एनुमेरेशन) प्रक्रिया को पूर्ण करते हुए सभी नागरिकों से भी इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री ने पोर्टल पर आवश्यक सभी विवरण भरते हुए कहा कि यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जो पारदर्शिता और सटीक आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 21 मई तक चलने वाली इस प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से हिस्सा लें।

गौरतलब है कि 7 मई को लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस डिजिटल जनगणना के पहले चरण ‘स्वगणना’ की शुरुआत की थी। इस पहल का उद्देश्य “हमारी जनगणना-हमारा विकास” की भावना के साथ डेटा आधारित योजनाओं को मजबूत करना है।

सीएम योगी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह समावेशी और संतुलित विकास की आधारशिला भी है। उनके अनुसार जनगणना 2027 का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी, जिससे रियल टाइम डेटा के आधार पर नीति निर्माण और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।