लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सोशल मीडिया पर रील और वीडियो पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस मुख्यालय की ओर से कहा गया है कि इंटरनेट मीडिया पर अनुशासनहीन या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए।
2023 की सोशल मीडिया नीति का हवाला
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2023 में डीजीपी द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए सोशल मीडिया नीति लागू की गई थी। इसका पालन सभी पुलिसकर्मियों के लिए अनिवार्य है।
इसके बावजूद लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें पुलिसकर्मी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो और रील पोस्ट कर रहे हैं, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश
मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्धारित प्रारूप पर कार्रवाई की जानकारी भरकर मुख्यालय को भेजने और संबंधित सामग्री को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हाल के मामलों पर भी नजर
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ पुलिसकर्मियों के वीडियो और रील वायरल होने के मामले सामने आए हैं, जिनमें अनुशासनहीनता की शिकायतें दर्ज की गई थीं। इसके बाद यह सख्ती बढ़ाई गई है।