हरिद्वार के वीआईपी घाट पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की अस्थियां पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गईं। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया, खासकर एक दृश्य ने सभी की आंखें नम कर दीं, जब उनकी छोटी बेटी ने अपने पिता के लिए लिखा अंतिम संदेश गंगा में प्रवाहित किया।
अस्थि विसर्जन के दौरान प्रतीक यादव की बेटी ने हाथ में एक छोटा कार्ड पकड़ा हुआ था, जिस पर “आई लव यू पापा” लिखा था और एक दिल का निशान बना था। जैसे ही उसने वह कार्ड गंगा की धारा में बहाया, वहां मौजूद परिजन और लोग भावुक हो उठे। इस दौरान उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने बेटी को गले लगाकर ढांढस बंधाया।
परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सभी अंतिम क्रियाएं पूरी की गईं। पत्नी अपर्णा यादव इस दौरान भावुक होकर रो पड़ीं। बेटी ने भी कलश को श्रद्धा से प्रणाम किया। मौके पर अपर्णा यादव के पिता और भाई सहित अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। वीआईपी घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस मौके पर राजनीतिक परिवार से जुड़े कई रिश्तेदार भी मौजूद रहे, जिनमें शिवपाल यादव के सांसद पुत्र आदित्य यादव भी शामिल थे।
गौरतलब है कि प्रतीक यादव का निधन बुधवार तड़के हुआ था। वे लखनऊ स्थित अपने आवास पर अचेत अवस्था में पाए गए थे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। उन्हें पहले से हाइपरटेंशन और ब्लड क्लॉटिंग जैसी स्वास्थ्य समस्याएं थीं और उनका इलाज चल रहा था।
उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। परिवार पहले से ही मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद एक बड़े दुख से गुजर रहा है।