आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे हाथरस से कार्यक्रम समाप्त कर खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए, जहां भोजन के बाद उनके विभिन्न प्रशासनिक कार्यक्रम शुरू हुए। इसके बाद उन्होंने मंडलायुक्त सभागार में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण मंडलीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं की समीक्षा की गई।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
चुनावी तैयारियों से जुड़ी बड़ी योजना
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘विकास कार्यों की बड़ी योजना’ को भी आगे बढ़ाने की रणनीति पर फोकस किया है। लोक निर्माण विभाग की वर्ष 2026-27 की लगभग 3,500 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को जमीन पर उतारने की तैयारी है।
इस योजना में 700 से अधिक प्रस्ताव शामिल हैं, जो 25 से ज्यादा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों द्वारा सड़क, पुल और भवन निर्माण से संबंधित भेजे गए हैं।
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार रात तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कमिश्नरी परिसर, मंडलायुक्त सभागार और सर्किट हाउस का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे में बदलाव का भी जिक्र
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन लखनऊ में हुए अग्निकांड के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।