फतेहपुर के चिल्ला थाना क्षेत्र में यमुना नदी में स्नान करने गए एक पुलिस कांस्टेबल की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। करीब पांच घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद ग्रामीणों की मदद से जाल में फंसा शव बरामद किया गया।

सूचना मिलते ही चिल्ला और ललौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बाद में शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नाश्ते के बाद नदी पहुंचे थे सिपाही

थानाध्यक्ष आनंद साहू के अनुसार, मृतक सिपाही अनुराग सिंह भदौरिया (27), जो कानपुर नगर के महराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल रामपुर गांव के रहने वाले थे, रविवार सुबह करीब 6 बजे थाने से यमुना में स्नान करने की बात कहकर निकले थे।

वे पहले चिल्ला पुल पार कर फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने एक ढाबे पर बाइक खड़ी कर नाश्ता किया। इसके बाद लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर वह केन और यमुना नदी के संगम स्थल पर स्नान करने पहुंचे।

स्नान के दौरान फिसला पैर, गहराई में चले गए

बताया जा रहा है कि नहाते समय मौरंग भरे क्षेत्र में पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सुबह 10 बजे तक जब वे वापस नहीं लौटे तो सहकर्मी पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की।

नदी किनारे उनके कपड़े मिलने के बाद मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष चिल्ला और ललौली पुलिस बल मौके पर पहुंचा और नावों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

पांच घंटे बाद मिला शव

लगातार तलाशी अभियान के बाद ग्रामीणों की मदद से जाल डाला गया, जिसमें करीब पांच घंटे बाद शव फंस गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अनुराग सिंह वर्ष 2019 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और हाल ही में 26 मई 2026 को उनका तबादला कमासिन थाने से चिल्ला थाने में हुआ था।

परिवार में मचा कोहराम

सिपाही की मौत की खबर से उनके परिवार में मातम छा गया। पिता महेंद्र सिंह भदौरिया, जो किसान हैं और इलेक्ट्रॉनिक की दुकान भी चलाते हैं, बेटे की मौत से बेसुध हो गए।

अनुराग परिवार में इकलौते पुत्र थे। उनकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। पत्नी सेजल सिंह, चार माह का बेटा शिवांश और मां कांति देवी घर में हैं।

परिजनों के अनुसार अनुराग की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल में माहौल भावुक हो गया, जहां साथी पुलिसकर्मी भी शव देखकर रो पड़े।

अकेले गए थे नदी, साथियों के छुट्टी पर होने से बदल गई दिनचर्या

बताया गया कि अनुराग पहले अपने तीन साथियों के साथ रोजाना व्यायाम और स्नान के लिए जाते थे, लेकिन वे तीनों इन दिनों छुट्टी पर थे। इसी वजह से वह रविवार को अकेले ही नदी गए थे। उनका मोबाइल भी कमरे पर ही छूट गया था।