लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय को सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह ‘बबलू’ की शिकायत पर हुसैनगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से फेसबुक अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, मंगलवार को कांग्रेस के कई पदाधिकारी माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कार्यालय में मौजूद थे, तभी फेसबुक पर एक पोस्ट सामने आया। यह पोस्ट मनीष शुक्ला नामक अकाउंट से किया गया था, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी दी गई थी। जिला अध्यक्ष का कहना है कि इस पोस्ट से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
भाजपा समर्थक पर आरोप
कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर भाजपा से जुड़े व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह, प्रमोद सिंह और शैलेंद्र दीक्षित सहित कई नेता हुसैनगंज थाने पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपी। उनका कहना है कि भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक मनीष शुक्ला ने सोशल मीडिया पर प्रदेश अध्यक्ष की अपमानजनक तस्वीरें और टिप्पणियां साझा की हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
शब-ए-बारात पर दरगाह में चादर पेश
इसी बीच शब-ए-बारात के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केजीएमयू परिसर स्थित हजरत कवाबमुद्दीन अब्बासी उर्फ हाजी-उल-हरमन और मखदूम शाह मीना शाह अली की दरगाह पर चादर चढ़ाई। उन्होंने प्रदेश में शांति, भाईचारे और सद्भाव के लिए दुआ की।
अजय राय ने कहा कि शब-ए-बारात आत्ममंथन, क्षमा और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है, जो समाज में प्रेम और एकता को मजबूत करता है। इस मौके पर अली आसिफ जमा रिज़वी, डॉ. अमित कुमार राय, मारूफ खान और डॉ. शहजाद आलम भी मौजूद रहे।