मथुरा। कान्हा की नगरी ब्रज में ईद के अवसर पर एक दर्दनाक घटना घटी। थाना कोसीकलां के अंतर्गत कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर में गौ-तस्करों ने विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर, जिन्हें 'फरसा वाले बाबा' के नाम से जाना जाता था, की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाबा चंद्रशेखर ने क्षेत्र में गौ-तस्करों की सक्रियता की सूचना पाई थी और अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। नवीपुर के पास तस्करों ने वाहन से हमला कर दिया, जिससे बाबा मौके पर ही मृत्यु को प्राप्त हो गए।
घटना के बाद छाता पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए बरसाना की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर सघन नाकाबंदी कर दी है ताकि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जा सके।
बाबा चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला लाया गया, जहाँ हजारों ग्रामीण और गौ-भक्त जमा हुए। बाबा 'फरसा वाले' अपनी निडरता और गौ-वंश की रक्षा के लिए पूरे ब्रज क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे।
स्थानीय प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी हुई है। वहीं, हिंदूवादी संगठनों और गौ-सेवकों में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।