रांची। राजधानी रांची में इन दिनों रसोई गैस की आपूर्ति गंभीर संकट में है। शहर के विभिन्न इलाकों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारें लग गई हैं, लेकिन आम लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
एजेंसियां नहीं उठा रही फोन, शिकायतें बेअसर
जिला प्रशासन द्वारा जारी संपर्क नंबरों पर कॉल करने पर भी अधिकांश एजेंसियों ने कोई जवाब नहीं दिया। प्रशासन की ओर से गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर उपभोक्ता को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है।
प्रशासन की बैठकों और एजेंसियों के आश्वासन के बावजूद संकट
उपायुक्त मंजुनाथ भजनत्री लगातार गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर रहे हैं। उन्होंने यह निर्देश भी दिया कि दूसरी बुकिंग कम से कम 25 दिनों के बाद ही ली जाए। इसके बावजूद लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है।
सड़क पर प्रदर्शन, लोगों का गुस्सा
शुक्रवार को पुंदाग थाना क्षेत्र में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल गैस उपलब्ध कराने की मांग की। यह प्रदर्शन संकेत है कि संकट अब गंभीर रूप ले चुका है।
5 लीटर सिलेंडर विकल्प भी नहीं बना समाधान
उपायुक्त ने आपातकालीन स्थिति में 5 लीटर के छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात कही थी। हालांकि, एचपीसीएल और बीपीएलसी के छोटे सिलेंडर भी पर्याप्त रूप से नहीं मिल रहे, जिससे संकट और बढ़ गया है।
प्रशासन ने दी चेतावनी
उपायुक्त ने गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर लोग अबुआ साथी हेल्पलाइन (9430328080) पर सूचित कर सकते हैं।
बढ़ती नाराजगी और सवाल
गैस संकट के कारण आम आदमी से लेकर खास तक प्रभावित हैं। घरों में खाना बनाने में कठिनाई हो रही है। लोग पूछ रहे हैं कि प्रशासन और एजेंसियों के बीच तालमेल की कमी के चलते यह स्थिति कब तक रहेगी और कब तक उन्हें राहत मिल पाएगी।