राम नगरी में मकर संक्रांति का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भोर होते ही श्रद्धालु सरयू नदी के तट पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते दिखे और तिल, गुड़, वस्त्र तथा अन्न का दान कर पुण्य कमाया। ठंड के बावजूद लोगों में उत्साह देखने लायक था, और सुबह 4 बजे से ही सरयू घाट पर श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई थीं।

राम मंदिर में मकर संक्रांति के मौके पर विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई। भक्तों ने रामलला को पतंग भेंट कर इस पर्व की परंपरा को जीवित रखा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न हुई और जय श्रीराम के उद्घोष ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर रामलला को विशेष भोग भी अर्पित किया गया।

सार्वजनिक घाटों पर भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ी। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर ठोस इंतजाम किए थे। स्नान और दान-पुण्य के बाद श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए मंदिर की ओर बढ़े।