सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि कई भारतीय युद्ध प्रभावित देशों में फंसे हुए हैं और देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे और संसद में इस पर चर्चा होनी चाहिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठते हैं। उनके अनुसार, अमेरिका हमारी सरकार को निर्देश दे रहा है कि कितने दिन तेल खरीदना है और कहां से खरीदना है। उन्होंने कहा कि युद्ध प्रभावित देशों में फंसे लोग नौकरी पेशा, पर्यटक और पत्रकार हैं। इनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

भारतीय क्रिकेट टीम की जीत पर बधाई

अखिलेश यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम की टी-20 विश्वकप में जीत पर भी खुशी व्यक्त की और टीम तथा देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचा है।

इटावा लायन सफारी में शावकों का जन्म

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि एशियाई शेरों के संरक्षण के लिए शुरू की गई इटावा लायन सफारी में उनकी योजना सफल साबित हो रही है। इटावा लायन सफारी पार्क में शेरनी नीरजा ने अपने तीसरे प्रसव में चार शावकों को जन्म दिया है। अखिलेश यादव ने इस खुशखबरी पर खुशी जताई और कहा कि पार्क में एशियाई शेरों की संख्या लगातार बढ़ रही है।