चंडीगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 स्थित सेक्टर-6 चौराहे पर ड्यूटी कर रहे एक पुलिसकर्मी के साथ शनिवार को डरावना हादसा हुआ। पुलिसकर्मी ने काले शीशे वाली कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार का चालक नहीं रुका। आरोप है कि चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को टक्कर मारते हुए कार के बोनट पर लटका लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी को करीब कुछ दूरी तक कार पर लेकर जाया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मदद मिली। जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी थी। कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।

जुवेनाइल कोर्ट में पेश
सेक्टर-32-33 थाना पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर कार जब्त कर ली। नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह, जो हाल ही में भर्ती हुए हैं, ड्यूटी पर तैनात थे।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे ने पूरी वारदात रिकॉर्ड कर ली। फुटेज में दिखा कि पुलिसकर्मी कार के बोनट पर लटका हुआ है। थोड़ी दूरी के बाद चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पुलिसकर्मी नीचे कूद गया। इसके बावजूद वह कार को रोकने की कोशिश करता रहा, लेकिन चालक पीछे हटाकर मौके से भाग गया। इस दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचा और वायरलेस के माध्यम से तुरंत सूचना दी।