लखीमपुर खीरी के थाना भीरा क्षेत्र के मोहल्ला सलामत नगर भट्ठा में बाइक निकालने को लेकर हुआ विवाद गंभीर हिंसा में बदल गया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 6 मई को दोपहर बाद करीब 3 बजे मौलाना चांद अपने घर के पास टहल रहे थे। इसी दौरान गली में बाइक निकालने को लेकर उनके परिवार और पड़ोसियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर स्थिति बिगड़ गई और आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर मौलाना चांद के साथ मारपीट कर दी।

परिजनों के अनुसार, इस दौरान उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां बृहस्पतिवार तड़के करीब 3 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और क्षेत्राधिकारी गोला रमेश चंद तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि इस घटना से एक दिन पहले ही दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें मृतक के पुत्रों सहित चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया था। इस मामले की जांच पहले से ही पुलिस द्वारा की जा रही है।

थाना भीरा पुलिस ने बताया कि अब मृतक पक्ष की तहरीर के आधार पर भी संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।