कोलकाता से वाराणसी जाने वाली एक यात्री उड़ान को खराब मौसम के चलते लखनऊ में उतार दिया गया, जिसके बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। विमान को लखनऊ में ही रद्द कर दिया गया, जिससे वाराणसी जाने वाले यात्रियों को आगे की यात्रा सड़क मार्ग से पूरी करनी पड़ी। इस दौरान यात्रियों को कैब का सहारा लेना पड़ा, जिस पर करीब छह हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हुए।

यात्रियों का कहना है कि उन्हें रिफंड के नाम पर केवल 1500 रुपये देने की बात कही गई, जिससे नाराज होकर एक यात्री ने सोशल मीडिया पर इंडिगो एयरलाइंस से शिकायत की। शिकायत सामने आने के बाद एयरलाइन ने मामले की समीक्षा करते हुए पूरा रिफंड देने का आश्वासन दिया है।

यात्री का आरोप, आश्वासन के बावजूद नहीं मिला पूरा रिफंड
घने कोहरे के कारण उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और इसका असर यात्रियों की जेब पर भी पड़ रहा है। कोलकाता से वाराणसी की यात्रा कर रहे सोहन चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने 18 दिसंबर को इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6501 के लिए 10,772 रुपये में टिकट खरीदा था।

वाराणसी में खराब मौसम की वजह से विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया और वहीं यात्रा समाप्त कर दी गई। सोहन के मुताबिक, ग्राउंड स्टाफ ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि यदि वे सड़क मार्ग से वाराणसी जाते हैं तो कुल किराए का 50 प्रतिशत वापस किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने लगभग 5,500 रुपये खर्च कर कैब से वाराणसी का सफर पूरा किया।

हालांकि जब उन्होंने रिफंड के लिए संपर्क किया तो एयरलाइन के कॉल सेंटर से केवल 1,500 रुपये लौटाने की बात कही गई। इस पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद इंडिगो प्रशासन ने पूरा रिफंड देने का भरोसा दिलाया है।