आगरा में एलपीजी सिलिंडर की कमी ने न सिर्फ बाजार को प्रभावित किया है बल्कि खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी है। चाय-नाश्ते, समोसा-कचौड़ी और अन्य फास्ट फूड की कीमतें कई जगह बढ़ गई हैं। दुकानदारों का कहना है कि गैस महंगी होने से यह कदम जरूरी हो गया, हालांकि कई स्थानों पर अभी भी पुराने दाम वाले सिलिंडर का इस्तेमाल हो रहा है।

शहर के अलग-अलग बाजारों में अब कुल्हड़ वाली चाय 20 रुपये की बजाय 25 रुपये में मिल रही है। छोटे चाय विक्रेता, जो पहले 10 रुपये की चाय बेचते थे, अब उसे 20 रुपये में दे रहे हैं। कमला नगर स्थित एक रेस्तरां संचालक पोला भाई ने बताया कि कॉमर्शियल सिलिंडर अब 3,500 रुपये में भी आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मजबूरी में कुछ खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए हैं और कुछ आइटमों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

हरीपर्वत इलाके के दिल्ली गेट स्थित चाय की दुकानों पर भी असर दिख रहा है। पहले सुबह से रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी, लेकिन अब सिलिंडर की किल्लत और बढ़ी कीमतों के चलते ग्राहक कम हो गए हैं। दुकानदार ओमप्रकाश ने बताया कि उनके पास आखिरी सिलिंडर बचा है और इसके बाद चाय बनाना मुश्किल हो सकता है। वहीं दीपक कुमार ने बताया कि गैस संकट के कारण उनकी दो चाय की दुकानें बंद करनी पड़ी हैं और वह अब इंडक्शन चूल्हे पर निर्भर हैं।

ग्राहकों का कहना है कि कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से रोजमर्रा के खर्च में भारी फर्क पड़ गया है। लंगड़े की चौकी निवासी जानकी प्रसाद ने बताया कि कई दुकानदार बिना किसी स्पष्ट कारण के दाम बढ़ा रहे हैं, जबकि कुछ अभी भी पुराने सिलिंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं।

वाटरवर्क्स निवासी विवेक कुमार ने कहा, “यदि गैस के दाम बढ़ भी गए हैं तो उसका असर सीमित होना चाहिए, लेकिन यहाँ हर चीज के दाम बढ़ा दिए गए हैं।”

नई कीमतों का संक्षिप्त विवरण:

वस्तुपहलेअब
बेढ़ई1014
कचौड़ी1014
समोसा1014
प्याज की कचौड़ी1520
भल्ला4050
मोमोज (10 पीस)2020 (6 पीस)