नोएडा। सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार सुबह नोएडा में कर्मचारियों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। सेक्टर-60 के पास बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने इकट्ठा होकर सड़क को जाम कर दिया और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी नोएडा की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत हैं और लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने से नाराज कर्मचारियों ने अचानक सड़क पर उतरकर विरोध जताया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सप्ताह के पहले कार्यदिवस होने के कारण सुबह के समय दफ्तर जाने वालों की भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में सेक्टर-60 और आसपास के इलाकों में लगे जाम की वजह से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे और मार्ग पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।