हापुड़। जिले में धौलाना-गुलावठी रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के डासना से एक बारात बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। शादी समारोह समाप्त होने के बाद बारात वापस लौट रही थी। इसी दौरान कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर बारातियों से भरी बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन बाराती घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने काफी देर तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर यातायात को फिर से सामान्य कराया।

उधर, शनिवार शाम अलीगढ़ में भी एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। सिविल लाइंस क्षेत्र के सिकंदरपुर नहर के पास एक ऑटो और कार की टक्कर हो गई थी। पुलिस के अनुसार, शाम करीब सात बजे हुई इस दुर्घटना में ऑटो चालक और एक महिला की मौत हो गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।