नोएडा: बुधवार को थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक निजी विश्वविद्यालय के चार छात्र परीक्षा समाप्त होने के बाद जश्न मना रहे थे। इसी दौरान एक छात्र पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसके बाकी साथी सुरक्षित हैं।

मृतक की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी हर्षित भट्ट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छात्र सुपरनोवा के पास स्थित एक पुराने और खाली पड़े निर्माण स्थल पर इकट्ठा हुए थे, जहां उन्होंने पार्टी रखी थी।

बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान हर्षित भट्ट पास में भरे पानी में नहाने के लिए उतर गया। कुछ देर बाद वह अचानक गहरे हिस्से में चला गया और बाहर नहीं निकल पाया। साथ मौजूद छात्रों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पीआरवी और थाना सेक्टर-126 की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से हर्षित को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।