नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड की शुरुआत खेल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन से की। इस दौरान उन्होंने देश में हाल ही में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

एथलेटिक्स में नए रिकॉर्ड, पीएम ने जताई खुशी

पीएम मोदी ने कहा कि देश के एथलीट्स लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में करीब 800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां चार अलग-अलग स्पर्धाओं में राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे।

उन्होंने गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टोके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की, जिन्होंने अपने-अपने इवेंट्स में नए रिकॉर्ड बनाए।

100 मीटर दौड़ में रिकॉर्ड की झड़ी

प्रधानमंत्री ने कहा कि 100 मीटर दौड़ को लेकर पूरे देश में चर्चा रही, क्योंकि सिर्फ दो दिनों के भीतर इस इवेंट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूट गया। गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने तय किया कि इस बार ‘मन की बात’ में इन दोनों खिलाड़ियों से सीधे संवाद किया जाए।

पीएम मोदी और खिलाड़ियों की बातचीत

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बातचीत की और उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन “जुगलबंदी” दिखाई है, जहां एक के बाद एक रिकॉर्ड टूटते गए।

पीएम ने कहा कि जैसे संगीत में तालमेल होता है, वैसे ही इन खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे को प्रेरित किया है, जो बेहद प्रेरणादायक है।

अनिमेष कुजूर ने साझा किया अपना सफर

बातचीत के दौरान अनिमेष कुजूर ने अपने खेल सफर के बारे में बताया कि वह 200 और 400 मीटर दौड़ के नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हैं। उन्होंने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं और वर्तमान में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने कहा कि उन्होंने 2021 में स्कूल खत्म करने के बाद एथलेटिक्स शुरू किया था। इससे पहले वह फुटबॉल खेलते थे। कोविड के दौरान उन्हें दौड़ने और अभ्यास करने का मौका मिला, जिसके बाद उन्होंने एथलेटिक्स में कदम रखा और धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गए।

खेलों को लेकर बढ़ता उत्साह

प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि देश में खेलों को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है और युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।