उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए वर्ष 2025 बेहद अहम होने वाला है। प्रदेश सरकार बड़े स्तर पर भर्तियों की तैयारी कर रही है और अनुमान है कि अगले वर्ष एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह पहल न सिर्फ युवाओं को रोज़गार देगी, बल्कि सरकार के लिए भी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यूपी पुलिस में होगी 23,763 पदों पर भर्ती
प्रदेश की पुलिस विभाग में इस साल 23,763 पदों को भरने की योजना है। इनमें से 19,000 से अधिक पद सिपाही (कॉन्स्टेबल) के हैं जबकि लगभग 4,543 पद उपनिरीक्षक (SI) के लिए निर्धारित हैं। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
जल्द आ सकती है भर्ती की अधिसूचना, अग्निवीरों को मिलेगा आरक्षण
पुलिस विभाग की इस भर्ती के लिए प्रस्ताव डीजीपी मुख्यालय से भर्ती बोर्ड को भेजा जा चुका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जून के अंत तक आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। साथ ही सरकार ने ऐलान किया है कि इस बार पुलिस भर्ती में उत्तर प्रदेश के रहने वाले पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
14 साल बाद होमगार्ड्स की होगी बड़ी भर्ती
प्रदेश में 44,000 होम गार्ड्स की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। यह भर्ती लगभग 14 वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल इसका ऐलान किया था। आवेदन प्रक्रिया जुलाई से शुरू हो सकती है और उम्मीद है कि 15 लाख से अधिक आवेदन मिल सकते हैं। परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन किया जाएगा, जिसमें 18 से 45 वर्ष के हाईस्कूल पास अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
शिक्षकों की भर्ती का भी रोडमैप तैयार
शिक्षा विभाग में भी बड़े पैमाने पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। वर्ष 2025-26 के भीतर प्रदेश में करीब 2 लाख शिक्षकों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में इस वर्ष 65,000 शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। यूपी सरकार की कार्ययोजना के मुताबिक मार्च 2026 तक 1.81 लाख प्राथमिक और 12,856 माध्यमिक शिक्षकों की नियुक्ति होनी है।
विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को तोहफे की तैयारी
प्रदेश में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले सरकार युवाओं के लिए नौकरियों के रूप में बड़ी सौगात देने की योजना बना रही है। यह माना जा रहा है कि भविष्य में और भी विभागों में भर्तियों की घोषणा की जा सकती है ताकि सभी प्रक्रियाएं चुनाव से पहले पूरी की जा सकें।