उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी हैं। होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल को किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को उच्च स्तरीय बैठक कर सभी जिलों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

74 जिलों में निगरानी, श्रावस्ती में केंद्र नहीं

जानकारी के अनुसार 74 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि श्रावस्ती में कोई परीक्षा केंद्र निर्धारित नहीं किया गया है। पूरे राज्य में करीब 1053 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। इस परीक्षा में लगभग 41 हजार पदों के लिए 25 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।

सीसीटीवी और बायोमेट्रिक से होगी सख्त निगरानी

परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच अलग कक्ष में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में की जाएगी।

केवल जरूरी सामान की अनुमति

परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और नीला या काला पेन ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि धार्मिक प्रतीक जैसे कलावा और मंगलसूत्र हटाने पर कोई रोक नहीं होगी।

सख्त सुरक्षा और कार्रवाई के निर्देश

परीक्षा केंद्रों को हर पाली से पहले और बाद में सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहेगा, जो तलाशी और जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन व्यवस्था के निर्देश

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए रेल और परिवहन विभाग को अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।